Newsझारखण्ड

शहीद परिवारों को बड़ा तोहफा! मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी 1.10 करोड़ की सहायता राशि

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज एक मानवीय पहल दिखाते हुए पलामू जिले के शहीद आरक्षियों के परिवारों को 1.10 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता राशि प्रदान की। मुख्यमंत्री ने रांची स्थित अपने आवासीय कार्यालय में शहीद आरक्षी सुनील कुमार राम और संतन कुमार मेहता के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के पुलिस सैलरी पैकेज के तहत चेक सौंपा। राशि सीधे दोनों परिवारों के खातों में जमा की गई।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद जवानों ने राज्य की सुरक्षा के लिए जो सर्वोच्च बलिदान दिया है, उसे झारखंड कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार हमेशा शहीद परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान करती रहेगी।

 

इस दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि शहीद जवानों के बच्चों की नि:शुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए रांची में एक आवासीय विद्यालय बनाया जाएगा। इसके लिए झारखंड जगुआर परिसर में चार एकड़ जमीन चिन्हित की गई है। साथ ही पुलिस कर्मियों के लिए विशेष अस्पताल निर्माण की योजना पर भी विचार किया जा रहा है।

 

कार्यक्रम में वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, डीजीपी अनुराग गुप्ता, पलामू एसपी रिष्मा रमेशन और एसबीआई अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस विभाग ने शहीदों की पत्नियों को क्लर्क की नौकरी देने का भरोसा भी दिया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *