सरायकेला में बीजेपी का हेमंत सरकार पर हमला: शांतिपूर्ण आदिवासी प्रदर्शन पर लाठीचार्ज के खिलाफ CM और मंत्री का पुतला दहन
सरायकेला में भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को गैरेज चौक पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और भूमि सुधार मंत्री दीपक बिरुआ का पुतला दहन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव ने किया। उन्होंने कहा कि चाईबासा के तांबे चौक पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे आदिवासियों पर पुलिस का लाठीचार्ज निंदनीय है। ग्रामीण सिर्फ सड़क पर नो-इंट्री की मांग कर रहे थे, जहां पिछले एक साल में 150 से अधिक सड़क हादसे हो चुके हैं।


उदय सिंहदेव ने कहा कि पुलिस की बर्बरता राज्य सरकार की शह पर हुई है और भाजपा इसका विरोध करती है। उन्होंने घोषणा की कि बुधवार को सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम जिले में बंद रहेगा।
साथ ही उन्होंने एचआईवी संक्रमित रक्त चढ़ाने के मामले को गंभीर लापरवाही बताते हुए दोषियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के कार्यकाल में स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और उन्हें तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।
कार्यक्रम में बद्री नारायण दारोगा, सुमित चौधरी, माइकल महतो, शंकर सोय और अभिषेक आचार्य समेत कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

