डुमरी : विधायक जयराम महतो ने दिखाई दरियादिली, छात्रा की फीस भरकर बढ़ाया हौसला
डुमरी विधानसभा क्षेत्र से एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। यहां के विधायक जयराम महतो ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जनप्रतिनिधि अगर ठान लें, तो लोगों की जिंदगी में बदलाव ला सकते हैं।


नावाडीह प्रखंड के मुंडराटांड-चिरूडीह की रहने वाली पूनम कुमारी बी.एस.सी नर्सिंग की छात्रा हैं और जमशेदपुर में अपनी पढ़ाई कर रही हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने के कारण पूनम कॉलेज की फीस जमा नहीं कर पा रही थीं। दो दिन पहले उन्होंने अपनी परेशानी डुमरी विधायक जयराम महतो से साझा की।
विधायक ने बिना देर किए अपने निजी वेतन से पूनम की कोर्स फीस जमा करने का निर्णय लिया और आर्थिक सहयोग प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने पूनम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “अब तुम्हारी पढ़ाई में कोई रुकावट नहीं आने दी जाएगी। आगे चलकर तुम समाज की सेवा करो, यही मेरे लिए सबसे बड़ी खुशी होगी। तुम्हारा भाई हर कदम पर तुम्हारे साथ है।”
विधायक के इस कदम की इलाके में खूब सराहना हो रही है। ग्रामीणों और युवाओं ने कहा कि जयराम महतो जैसे जनप्रतिनिधि ही असली अर्थ में जनता के हितैषी हैं, जो अपने वेतन को भी जनसेवा में लगा देते हैं।

