बुंडू में दर्दनाक सड़क हादसा : ओवरलोड वाहन पलटा, चार की मौत, 23 लोग घायल
रांची | संवाददाता


रांची जिले के बुंडू थाना क्षेत्र स्थित गोसाईंडीह के पास गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि एक ओवरलोड टाटा सवारी वाहन बस को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, इसी दौरान अचानक वाहन का अगला टायर ब्लास्ट हो गया। तेज रफ्तार में होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर बस से टकराया और सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।
घटना इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरातफरी मच गई। वाहन में सवार लोग दूर तक सड़क पर बिखर गए। स्थानीय लोगों ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को बुलाया और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना पाकर बुंडू थाना पुलिस मौके पर पहुँची और सभी घायलों को इलाज के लिए बुंडू अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया।
चार की मौत, 15 गंभीर घायलों को रिम्स रेफर
इस हादसे में मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 15 की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स, रांची रेफर किया गया है। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
रैली में शामिल होने जा रहे थे सभी यात्री
जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी लोग कुड़मी समुदाय के विरोध में आयोजित आदिवासी जनाक्रोश रैली में शामिल होने जा रहे थे। भीड़ अधिक होने के कारण सवारी वाहन में क्षमता से कहीं अधिक लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन काफी तेज गति में था और लगातार बस को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। तभी अचानक अगला टायर फट गया और वाहन बेकाबू होकर पलट गया।
पुलिस ने किया बचाव अभियान, शुरू हुई जांच
पुलिस ने घटनास्थल से वाहन को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों में मातम पसरा हुआ है।

