गुमला में बसों का परिचालन ठप, बस ओनर एसोसिएशन ने किया अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान
गुमला बस ओनर एसोसिएशन के विरोध के बाद जिले में बसों का परिचालन आज से अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है। एसोसिएशन ने पहले ही चेतावनी दी थी कि यदि प्रशासन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देता, तो बसें नहीं चलेंगी। परिणामस्वरूप शनिवार सुबह से गुमला जिले से खुलने वाली सभी रूटों की बसें पूरी तरह ठप रहीं।


गुमला में पहले बसों का संचालन ललित उरांव बस पड़ाव से किया जाता था, लेकिन हाल ही में जिला प्रशासन ने लोहरदगा रोड स्थित दुनदुरिया सरकारी बस स्टैंड से बसें चलाने का निर्देश जारी किया। इसी निर्णय का विरोध करते हुए बस मालिकों ने इसे अव्यवहारिक बताया। उनका कहना है कि दुनदुरिया बस पड़ाव शहर से दूर है, जिससे यात्रियों को पहुंचने में परेशानी होती है और बस मालिकों को भी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
बसों के ठप रहने से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। कई लोग अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके और बस स्टैंड पर घंटों इंतजार करते रहे। गुमला से करीब ढाई सौ बसों के न चलने से जिले के साथ-साथ लोहरदगा, सिमडेगा और रांची रूटों पर भी इसका असर पड़ा है।

