कुचाई में डालसा की ओर से जन्म प्रमाण पत्र पंजीकरण शिविर आयोजित
कुचाई प्रखंड के प्रखंड संसाधन केंद्र (BRC) में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) की ओर से जन्म प्रमाण पत्र पंजीकरण हेतु एकदिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर माननीय झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (JHALSA) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सरायकेला-खरसावां के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।


शिविर में उन बच्चों के लिए आवेदन भरे गए, जिनका किसी कारणवश जन्म प्रमाण पत्र अब तक नहीं बन पाया था। मौके पर उपस्थित डालसा के पीएलवी मुकेश कुमार साहू ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण इलाकों के उन बच्चों को लाभ पहुंचाना है जो जानकारी के अभाव में अपने अधिकार से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि जन्म प्रमाण पत्र एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जिससे बच्चों को आगे की पढ़ाई, सरकारी योजनाओं और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं में सुविधा मिलती है।

कार्यक्रम में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी संजय कुमार जोशी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी नाथो महतो, पीएलवी सुरुमई सोय, रमेश कुम्हार, मोती मुंडा, सावित्री महतो, समेत कई शिक्षक और ग्रामीण उपस्थित थे।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए ताकि हर बच्चे को उसका अधिकार मिल सके।

