पाकुड़ : बेकरी और दुकानों में खाद्य सुरक्षा टीम की छापेमारी, नियम उल्लंघन पर नोटिस जारी
पाकुड़ जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने उपायुक्त मनीष कुमार के निर्देश पर शनिवार को चांदपुर क्षेत्र की बेकरी यूनिटों और नगर क्षेत्र की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। टीम ने स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता और फूड लाइसेंस की जांच की। इस दौरान पीयू बेकरी में सफाई व्यवस्था और रखरखाव में खामियां पाई गईं। संचालकों को एक सप्ताह के भीतर सुधार का निर्देश देते हुए नोटिस जारी किया गया। साथ ही, सभी बेकरी संचालकों को FSSAI रजिस्ट्रेशन अनिवार्य रूप से कराने की हिदायत दी गई।


टीम ने अपोलो मेडिकल एजेंसी, भारत मेडिकल और वेलनेस प्लस में वैध फूड लाइसेंस पाया, जबकि भगत मेडिकल को लाइसेंस अपडेट करने और पतंजलि स्टोर को सात दिनों में लाइसेंस लेने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण दल ने सभी दुकानों को एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री हटाने और फूड लाइसेंस को काउंटर पर प्रदर्शित करने का आदेश दिया।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि जिले में खाद्य स्वच्छता को लेकर सख्ती बरती जा रही है। मानकों का पालन न करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

