Newsझारखण्ड

बस मालिकों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी, आम यात्रियों की बढ़ी परेशानी

गुमला में बस ओनर एसोसिएशन की अनिश्चितकालीन हड़ताल शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रही, जिससे जिला से बसों का परिचालन पूरी तरह ठप रहा। हड़ताल के कारण यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

 

दरअसल, जिला प्रशासन ने हाल ही में निर्णय लिया था कि लोहरदगा रोड की सभी बसें अब ललित उरांव बस पड़ाव के बजाय दुनदुरिया बस पड़ाव से संचालित होंगी। इस फैसले का विरोध करते हुए बस ओनर एसोसिएशन ने प्रशासन से पुराने बस पड़ाव से ही परिचालन जारी रखने की मांग की थी। प्रशासन द्वारा मांगें नहीं माने जाने पर 30 अक्टूबर से हड़ताल शुरू कर दी गई।

 

हड़ताल के चलते 31 अक्टूबर से जिला की लगभग 250 बसों का संचालन पूरी तरह ठप है। यात्रियों को वैकल्पिक साधनों के लिए अधिक किराया देना पड़ रहा है।

 

शनिवार को राज्य स्तरीय बस ओनर एसोसिएशन के प्रतिनिधि भी गुमला पहुंचे और स्थानीय संघ के सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक में सर्वसम्मति से प्रशासनिक निर्णय की पुनः समीक्षा की मांग की गई।

 

बस मालिकों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर विचार नहीं किया जाता, तब तक बसों का परिचालन बंद रहेगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *