घाटशिला : 3 से 8 नवंबर तक हेमंत और कल्पना सोरेन की कई सभाएं व रोड शो
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर झामुमो ने अपने शीर्ष नेतृत्व के प्रचार अभियान की रूपरेखा तय कर दी है। पार्टी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी, दुमका विधायक कल्पना सोरेन के चुनावी कार्यक्रमों की सूची जारी की है। तय कार्यक्रम के अनुसार, दोनों नेता 3 से 8 नवंबर तक घाटशिला के विभिन्न इलाकों में कई जनसभाएं और रोड शो करेंगे।


मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कई प्रमुख स्थानों पर जनसभाएं संबोधित करेंगे, वहीं कल्पना सोरेन विशेष रूप से रोड शो के माध्यम से मतदाताओं से सीधा संवाद करेंगी। झामुमो इस उपचुनाव को प्रतिष्ठा से जोड़कर देख रहा है, क्योंकि यहां से दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश सोरेन पार्टी के प्रत्याशी हैं।
पार्टी नेतृत्व का मानना है कि हेमंत सोरेन की सभाओं और कल्पना सोरेन के रोड शो से जनता के बीच मजबूत संदेश जाएगा और संगठन को जमीनी स्तर पर ऊर्जा मिलेगी। झामुमो के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं को इन कार्यक्रमों की तैयारी में जुटने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उपचुनाव में पार्टी को अधिकतम जनसमर्थन प्राप्त हो सके।

