बर्मामाइंस: चोरी की बाइक के साथ तीन युवक गिरफ्तार, पुलिस जांच में हुआ खुलासा
जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई वाहन जांच अभियान के दौरान की गई। बताया गया कि 23 अक्टूबर 2025 को प्रभात रंजन मिश्रा नामक व्यक्ति की काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक एनटीटीएफ कॉलेज के बाहर से चोरी हो गई थी। मामले की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की थी।


वाहन चेकिंग के दौरान टीआरएफ गेट के पास डनलप मैदान के निकट पुलिस को बिना नंबर प्लेट की एक बाइक पर तीन युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पुलिस ने जब उनसे वाहन के कागजात मांगे तो वे कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। इंजन और चेसिस नंबर की जांच करने पर यह बाइक चोरी की पाई गई।
इसके बाद पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार कर थाना ले गई। गिरफ्तार युवकों की पहचान बिट्टू कालिंदी (21), सुमित वर्मा (20) और रोहित वर्मा (22) के रूप में हुई है — तीनों कंचन नगर, बर्मामाइंस के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी बिट्टू कालिंदी पहले भी जेल जा चुका है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव के साथ एसआई मनीष कुमार, दुति कृष्ण महतो, अभय कुमार और हवलदार महेंद्र प्रसाद यादव की भूमिका रही।

