रांची में दो सगी बहनों का ड्रग्स गिरोह बेनकाब — 28 लाख की ब्राउन शुगर के साथ पिता और पति सहित 4 गिरफ्तार
रांची पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक परिवार संचालित ब्राउन शुगर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो सगी बहनों, उनके पिता और पति को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 140 ग्राम ब्राउन शुगर (करीब 28 लाख रुपये मूल्य) और 2.76 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।


सूचना मिली थी कि बिहार के सासाराम से कुछ लोग ब्राउन शुगर लेकर रांची आ रहे हैं। इस पर नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देश में कोतवाली डीएसपी की अगुवाई में एक विशेष टीम गठित की गई। रात करीब 10 बजे न्यू मार्केट चौक, रातू रोड से पहली गिरफ्तारी हुई। पकड़ी गई महिला की पहचान साहिस्ता प्रवीण उर्फ सेजल गुप्ता (23 वर्ष) के रूप में हुई, जिसके पास से करीब 92 ग्राम ब्राउन शुगर मिली।
उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बरियातू के ऐदलहातु इलाके से उसके पिता मो. सरवर को गिरफ्तार किया और नकद 2.65 लाख रुपये व नशे का सामान जब्त किया। आगे की छापेमारी में सागुफ्ता प्रवीण उर्फ मुस्कान और उसके पति राजू को भी पकड़ा गया।
पूछताछ में पता चला कि यह परिवार सासाराम के तस्करों से ब्राउन शुगर खरीदकर रांची के कई इलाकों में सप्लाई करता था।

