राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने की प्रधानमंत्री मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात, पुत्र के विवाह समारोह का दिया निमंत्रण
दिल्ली में आज झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को अपने पुत्र के विवाह एवं आशीर्वाद समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया। दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात आत्मीय माहौल में हुई, जहां राज्यपाल ने झारखंड के विकास से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की।


राज्यपाल गंगवार ने प्रधानमंत्री को राज्य की सामाजिक और आर्थिक प्रगति से जुड़ी जानकारी भी दी और केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस बातचीत के दौरान झारखंड में चल रहे विकास कार्यों, जनकल्याण योजनाओं और निवेश के अवसरों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
प्रधानमंत्री मोदी ने राज्यपाल को उनके पुत्र के विवाह के लिए शुभकामनाएं दीं और परिवार के प्रति मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। इसके बाद राज्यपाल ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी भेंट की।
राज्यपाल ने उन्हें भी विवाह समारोह का निमंत्रण पत्र सौंपा और उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। यह मुलाकातें पूरी तरह सौहार्दपूर्ण रहीं और केंद्र एवं राज्य के बीच बेहतर समन्वय का संदेश देती नजर आईं। दिल्ली दौरे के दौरान राज्यपाल ने कई अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी शिष्टाचार मुलाकात करने का कार्यक्रम तय किया है।

