Newsझारखण्डसरायकेला

चांडिल में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से युवक की मौके पर मौत, चिल्गू में छाया मातम

चांडिल से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। सरायकेला-खरसावां जिले के चिल्गू में बुधवार की देर शाम एक तेज़ रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चार युवक अलग-अलग मोटरसाइकिलों से चांडिल की ओर से जमशेदपुर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर गिर पड़ा और उसने वहीं दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना देखकर मृतक के साथी भी डर के मारे मौके से भाग निकले। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद चांडिल थाना की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेज दिया।

पुलिस अब ट्रेलर की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद चिल्गू और आसपास के क्षेत्र में मातम छा गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन तेज़ रफ्तार ट्रेलरों से दुर्घटनाएं होती हैं, लेकिन यातायात नियंत्रण की व्यवस्था नहीं है। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्पीड ब्रेकर और रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *