LatestNewsNews postझारखण्ड

हजारीबाग सदर थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय युवती 16 दिनों से लापता, परिजनों में बढ़ी बेचैनी — प्रशासनिक उदासीनता पर सवाल

हजारीबाग। सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत रिया कुमारी (18) पिछले 16 दिनों से लापता है। परिजनों ने बेटी की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाते हुए थाना पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

 

परिजनों के अनुसार, रिया 3 नवंबर की सुबह ट्यूशन पढ़ने घर से निकली थी, जिसके कुछ ही समय बाद उसकी मां गुड़िया देवी को एक अज्ञात नंबर से धमकी भरा फोन आया। फोन कॉल के बाद से रिया का कोई पता नहीं चल पाया है।

 

परिवार ने तुरंत सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि उन्होंने स्पष्ट रूप से दो लोगों पर संदेह जताया था, लेकिन पुलिस ने FIR दर्ज करने से इनकार कर दिया। परिजनों के मुताबिक, “16 दिन बीत जाने के बावजूद थाना पुलिस ने न तो FIR दर्ज की और न ही किसी प्रकार की खोजबीन शुरू की है।”

 

रिया के पिता धनराज राम और मां गुड़िया देवी ने बताया कि वे सभी रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर तलाश कर चुके हैं, लेकिन कहीं से कोई सुराग नहीं मिला। निराश माता-पिता ने पत्रकारों के समक्ष भावुक होते हुए कहा—

“यदि प्रशासन हमारी बेटी को खोज नहीं सकता, तो कम से कम यह ही बता दे कि हमारी बेटी रिया जिंदा है या नहीं।”

 

लापता युवती के परिवार ने जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक से तत्काल हस्तक्षेप कर बेटी की खोजबीन तेज करने की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों में भी सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *