कांग्रेस का 8 दिवसीय संगठन प्रशिक्षण पूरा, बूथ स्तर पर मजबूती की तैयारी तेज
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी द्वारा आयोजित आठ दिवसीय संगठन सृजन प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन मंगलवार को लालगुटवा स्थित बैंक्वेट हॉल में हुआ। अंतिम दिन रांची ग्रामीण, रांची महानगर और लोहरदगा जिले के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने प्रशिक्षण सत्र में भाग लिया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी के. राजू ने कहा कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस के मूल विचार, सिद्धांत और जन–हितैषी नीतियों को पंचायत और बूथ स्तर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सतत संघर्ष आवश्यक है। साथ ही उन्होंने आगामी SIR प्रक्रिया पर चिंता जताते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी और दलित समुदायों को जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने बीएलए की जल्द नियुक्ति पर जोर दिया ताकि प्रत्येक मतदाता तक पार्टी की सीधी पहुंच सुनिश्चित की जा सके।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि संगठन सृजन वर्ष पार्टी के लिए नए अध्याय की शुरुआत करेगा। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही सामाजिक और राजनीतिक चुनौतियों का सामना कर सकता है। उन्होंने पदाधिकारियों से अपील की कि वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच बनाएं और जनसंपर्क को प्राथमिकता दें।
कार्यक्रम में सह-प्रभारी डॉ. बेला प्रसाद, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, उपनेता राजेश कच्छप, मंत्री इरफान अंसारी, शिल्पी नेहा तिर्की, बंधु तिर्की, राजेश ठाकुर, सुबोध कांत सहाय, बन्ना गुप्ता, ज्योति सिंह मथारू सहित अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

