बाबूलाल मरांडी का हमला: पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता पर कार्रवाई न होने को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप
रांची में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अनुराग गुप्ता को दो वर्षों तक निलंबित रखने से लेकर डीजीपी बनाने, रिटायरमेंट के बाद सेवा विस्तार देने और अंत में उनसे इस्तीफा लेने तक की पूरी प्रक्रिया पर सरकार को स्पष्ट जवाब देना चाहिए। मरांडी का आरोप है कि इन सभी कदमों के पीछे अवैध वसूली, तस्करी, उत्खनन और रंगदारी जैसे मामलों की परतें जुड़ी हैं।


मरांडी ने दावा किया कि अनुराग गुप्ता की वसूली नेटवर्क में कई पुलिसकर्मी और बिचौलिए शामिल रहे, जिन पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार को संरक्षण दे रही है और गंभीर आरोपों को अनदेखा कर रही है। शराब घोटाले का जिक्र करते हुए मरांडी ने कहा कि मुख्यमंत्री को पहले ही सतर्क किया गया था, फिर भी कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद सीबीआई की जांच बढ़ी और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विनय चौबे गिरफ्तार हुए।
उन्होंने आरोप लगाया कि अनुराग गुप्ता ने संवेदनशील दस्तावेज रातों-रात हटाए और अब धमकियाँ तक दी जा रही हैं। मरांडी ने कहा कि राज्य के कुछ अधिकारी सरकार का ‘टूलकिट’ बन रहे हैं, जबकि उन्हें कानून और जनहित को प्राथमिकता देनी चाहिए। प्रेसवार्ता में भाजपा नेता योगेंद्र प्रताप सिंह और प्रतुल शाह देव मौजूद थे।

