कोवाली थाना की बड़ी कार्रवाई: अवैध बालू खनन के खिलाफ तीन हाईवा जब्त, मामला दर्ज
कोवाली (पूर्वी सिंहभूम): कोवाली थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए तीन बालू से भरे हाईवा जब्त किए हैं। यह अभियान थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान के नेतृत्व में रात में चलाया गया।


पिछले कुछ दिनों से इलाके में अवैध खनन और परिवहन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी के आधार पर 15 नवंबर की रात पुलिस टीम ने विशेष निगरानी और वाहन जांच अभियान चलाया। गुप्त सूचना के मुताबिक लाइलोम घाटी से तीन हाईवा बालू लेकर कोवाली की ओर आ रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहनों को रोका और कागज़ात मांगे, लेकिन चालक वैध दस्तावेज दिखाने में विफल रहे। इसके बाद तीनों हाईवा को जब्त कर दिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिलते ही मौके पर कार्रवाई की जा रही है। अवैध खनन और परिवहन को लेकर शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई गई है।

उधर, इस कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर सवाल भी उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि इस मार्ग से रोज़ाना कई वाहन गुजरते हैं, फिर भी कार्रवाई सीमित वाहनों पर ही होती है। कुछ स्थानीय लोगों ने राजनीतिक प्रभाव की आशंका भी जताई है।
बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार, जब्त किए गए तीनों हाईवा पर प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने साफ किया है कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

