कुएं से लिव-इन में रहने वाली युवती का शव मिला, सुबह के समय कूदने की आशंका
सरायकेला जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र के पदमपुर गांव में बुधवार सुबह एक युवती का शव कुएं से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान चांडिल के रुचाप गांव निवासी रूपा देवी के रूप में हुई है, जो पिछले चार वर्षों से अपने साथी रोशन कुमार सिन्हा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। जानकारी के मुताबिक दोनों मंगलवार को ही पदमपुर पहुंचे थे और बबलू बास्के के घर में किराये पर रहने लगे थे।


बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम दोनों ने साथ में भोजन किया और फिर आराम किया। देर रात रोशन अपनी ड्यूटी पर चला गया। आशंका जताई जा रही है कि रात से सुबह के बीच किसी समय रूपा ने कुएं में छलांग लगाई होगी। स्थानीय लोगों का दावा है कि सुबह तड़के उन्हें घटना का पता चला, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
ग्रामीणों के अनुसार रूपा शांत स्वभाव की थी और पहले किसी प्रकार का विवाद सामने नहीं आया था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि घटना आत्महत्या है या किसी और कारण से हुई। मौके पर पहुंची कांड्रा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

