अवैध कोयला कारोबार पर ED की बड़ी कार्रवाई, झारखंड–बंगाल के 42 ठिकानों पर छापेमारी, 2 करोड़ नकद बरामद
रांची/धनबाद। अवैध कोयला कारोबार पर शिकंजा कसते हुए ED ने शुक्रवार तड़के झारखंड और पश्चिम बंगाल में एक साथ बड़ी कार्रवाई की। सुबह करीब छह बजे शुरू हुए इस ऑपरेशन में कुल 42 ठिकानों पर छापेमारी की गई। सिर्फ झारखंड में ही एजेंसी ने 2 करोड़ रुपये नकद के साथ कई कंपनियों के दस्तावेज, मोबाइल डेटा और लेन–देन के रिकॉर्ड जब्त किए।


रांची जोन की टीम ने दुमका, धनबाद और रांची में कोयला कारोबारी लाल बहादुर सिंह, उनके सहयोगियों तथा अन्य व्यापारिक समूहों के 18 ठिकानों पर कार्रवाई की। दुमका में जमीन कारोबार से जुड़े कागजात मिले, जबकि धनबाद में अनिल गोयल के घर से कई वित्तीय लेनदेन से जुड़े डेटा मिले।
सबसे अधिक प्रतिरोध लाल बहादुर सिंह के घर पर दिखा, जहां टीम को प्रवेश करने में लगभग दो घंटे लगे। इस दौरान डिजिटल सबूत नष्ट करने की कोशिश भी की गई।
ED की यह कार्रवाई 2019 में दर्ज उस मामले से जुड़ी है, जिसमें आरोप था कि सिंह और उनकी कंपनी ने BCCL के काम में कोयले की हेराफेरी कर करोड़ों का नुकसान पहुँचाया। जांच में सामने आया है कि कोयले के अवैध कारोबार के लिए कई कंपनियां परिवार और करीबी लोगों के नाम पर चलाई जा रही थीं।
एजेंसी ने संजय खेमका और अनिल गोयल समूह पर भी शिकंजा कसते हुए उनकी कंपनियों के दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। छापेमारी जारी है और सभी बरामद डिजिटल व वित्तीय रिकॉर्ड की फॉरेंसिक जांच की जा रही है।

