श्रीनाथ कॉलेज ऑफ फार्मेसी में राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2025 का आयोजन
जमशेदपुर। श्रीनाथ कॉलेज ऑफ फार्मेसी में 21 व 22 नवंबर को राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह-2025 का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस वर्ष की थीम “फार्मासिस्ट एज एडवोकेट्स ऑफ वैक्सीनेशन” रही, जिसके तहत दो दिनों तक वैक्सीनेशन जागरूकता और जनस्वास्थ्य में फार्मासिस्टों की भूमिका पर आधारित विविध गतिविधियाँ आयोजित की गईं।


उद्घाटन सत्र में श्रीनाथ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सुखदेव महतो, कुलपति प्रो. (डॉ.) एस.एन. सिंह, रजिस्ट्रार इंचार्ज डॉ. मौसुमी महतो, तथा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांता कुमार महापात्रा सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक उपस्थित थे।
पहले दिन छात्रों के लिए रील मेकिंग और पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने वैक्सीन जागरूकता, टीकाकरण प्रक्रिया, वैक्सीन से जुड़े मिथक एवं तथ्य तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य में इम्यूनाइजेशन की आवश्यकता जैसे विषयों पर प्रस्तुति दी। इसी क्रम में हर्बल ट्री प्लांटेशन का भी आयोजन हुआ, जिसमें पर्यावरण और स्वास्थ्य संरक्षण का संदेश दिया गया।
विशेष वार्ता सत्र में एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर के वरिष्ठ फार्मासिस्ट ब्रांजो तुडु ने छात्रों से संवाद किया और वैक्सीनेशन संबंधी व्यावहारिक अनुभव साझा किए।
दूसरे दिन मॉडल ड्रामा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने टीकाकरण जागरूकता, समुदाय आधारित स्वास्थ्य अभियान तथा फार्मासिस्ट और मरीज के बीच संवाद पर नाट्य प्रस्तुति दी। साथ ही मॉडल प्रस्तुति प्रतियोगिता में छात्रों ने वैक्सीन की कार्यप्रणाली, इम्यूनाइजेशन शेड्यूल, कोल्ड चेन प्रबंधन, फार्माकोविजिलेंस तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े नवाचार प्रस्तुत किए।
दोनों दिनों की गतिविधियों का मूल्यांकन सदर अस्पताल, जमशेदपुर के अमोड कुमार, स्टोर इंचार्ज, तथा फार्मासिस्ट ओ.पी. ठाकुर द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर निर्णायकों ने प्रतिभागी छात्रों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और वैक्सीनेशन जागरूकता को बढ़ावा देने की पहल की सराहना की।


