बड़ागुंटिया पंचायत में सेवा का अधिकार सप्ताह के तहत शिविर आयोजित, विधायक ने लाभुकों के बीच किया परिसंपत्तियों का वितरण
खूंटपानी के बडागुंटिया पंचायत में बुधवार को ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ के तहत पंचायत स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्घाटन खरसावां विधायक दशरथ गागराई, प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा, बीडीओ धनंजय पाठक व सीओ फुलेश्वर साव ने दीप प्रज्वलित कर किया.


इस दौरान विधायक दशरथ गागराई ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सेवा एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक सुगम तरीके से पहुंचाने के लिये राज्य सरकार इस तरह के कार्यक्रम आयोजित कर रही है.

उन्होंने कहा कि ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान सरल, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को विभिन्न विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें.

विधायक दशरथ गागराई ने सरकार के इस पहल को योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने तथा पात्र लाभुकों को समय पर लाभ प्रदान करने का प्रभावी माध्यम बताया. उन्होंने लोगों से जागरुक हो कर सरकार के योजनाओं का लाभ उठाने की की अपील की.

साथ ही अधिकारी व कर्मचारियों को सभी आवेदनों को समयबद्ध तरीके से निष्पादित करने को कहा. कार्यक्रम के दौरान संविधान दिवस मनाते हुए भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया. कार्यक्रम के दौरान लाभुकों में परिसंपत्तियों का वितरण किया गया.

नौनिहालों की मुंह जुट्टी व गर्भवती महिलाओं को गोद भराई रस्म को निभाया गया.शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगा कर लोगों से आवेदन लिये गये. मौके पर मुख्य रुप से बासंती गागराई, दुर्गा चरण पाडेया, बबलू गोडसोरा, मुखिया हरिचरण हेंब्रम, सीएचसी प्रभारी डॉ आलोक रंजन महतो, डिम्बु तियू,कोना पुरती समेत काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे.


