Newsझारखण्ड

होमगार्ड विभाग में हड़कंप: अवैध वसूली के आरोप के बाद चार अधिकारी ड्यूटी से हटाए गए

रांची।

होमगार्ड विभाग में अवैध वसूली के आरोपों ने बड़ा हड़कंप मचा दिया है। बर्खास्त कंपनी कमांडर कैलाश प्रसाद यादव द्वारा गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद विभाग के डीजी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार अधिकारियों को उनके दायित्वों से हटा दिया है और स्पष्टीकरण तलब किया है। जिन पदाधिकारियों को हटाया गया है उनमें स्थापना शाखा प्रभारी अनुज कुमार, डीआईजी होमगार्ड के गोपनीय रीडर सूरज प्रकाश सिंह, डीजी कार्यालय के रीडर दीपक पुंज और ओटीडी शाखा प्रभारी संजय सिंह शामिल हैं।

 

विवाद तब शुरू हुआ, जब कैलाश यादव ने सोशल मीडिया और ईमेल के माध्यम से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि उनसे करीब 8 लाख रुपये की अवैध वसूली की मांग की गई थी। उनके अनुसार, संबंधित अधिकारियों द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया गया।

 

हालांकि कैलाश यादव स्वयं भी विभागीय जांच के घेरे में थे। उन पर प्रतिनियुक्ति पंजी में छेड़छाड़ करने और कुछ लोगों को गलत तरीके से पुनः नामांकित करने जैसी गंभीर अनियमितताओं का आरोप था। धुर्वा थाना में दर्ज मामले की जांच में दोषी पाए जाने के बाद उन्हें 24 नवंबर को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था।

 

नई शिकायतों के बाद अब पूरा मामला और पेचीदा हो गया है। विभाग का कहना है कि चारों अधिकारियों के स्पष्टीकरण मिलने के बाद अगली कार्रवाई तय की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *