संविधान गौरव दिवस पर अमर बाउरी ने किया माल्यार्पण, लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती पर दिया जोर
रांची में बुधवार को संविधान गौरव दिवस के अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, भाजपा रांची जिला अध्यक्ष वरुण साहू और पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुराने उच्च न्यायालय परिसर में स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।


अमर बाउरी ने कहा कि 26 नवंबर भारत के इतिहास का महत्वपूर्ण दिन है, जब संविधान निर्माताओं ने देश के भविष्य को ध्यान में रखते हुए एक मजबूत, विस्तृत और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाला संविधान राष्ट्रपति को सौंपा था। उन्होंने कहा कि देश आज भी लोकतांत्रिक मूल्यों पर मजबूती से टिका है और इसका श्रेय संविधान की दूरदर्शिता को जाता है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संसद के विशेष सत्र में व्यापक चर्चा के बाद 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया था।
अपने संबोधन में बाउरी ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने अधिकारों और कर्तव्यों का पालन पूरी जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने यह भी कहा कि संविधान की सुरक्षा जनता की जागरूकता और सामाजिक समरसता पर निर्भर करती है, और इसकी रक्षा सभी नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है।

