आरटीसी इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में फाउंडेशन डे 2025 का भव्य आयोजन, राज्यपाल संतोष गंगवार रहे मुख्य अतिथि
ओरमांझी स्थित आरटीसी इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में फाउंडेशन डे 2025 उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। राज्यपाल संतोष गंगवार के आगमन पर एनसीसी कैडेट्स ने गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया, जिसके बाद पारंपरिक स्वागत और दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।


समारोह में प्राचार्य डॉ. एन. हरि बाबू ने संस्थान की उपलब्धियों और भविष्य की शैक्षणिक योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया। जी.ए.वी. समिति के सचिव पी. एन. महतो ने ग्रामीण और तकनीकी शिक्षा में संस्थान की भूमिका को रेखांकित किया। झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी के कुलपति डॉ. डी. के. सिंह ने इंडस्ट्री–अकादमिक सहयोग और नवाचार की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। राज्यसभा सांसद आदित्य प्रसाद और संस्थान अध्यक्ष राम टहल चौधरी ने आरटीसीआईटी को प्रदेश की तकनीकी प्रगति का मजबूत आधार बताया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण राज्यपाल का प्रेरक संबोधन रहा। उन्होंने विद्यार्थियों को लगातार सीखते रहने की सलाह दी। समारोह में मेधावी छात्रों, शोध कार्यों और उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। साथ ही टेक्निकल प्रोजेक्ट मॉडल एक्सपो ने अतिथियों का ध्यान खींचा।
विभिन्न अतिथियों को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ, जो संस्थान की उत्कृष्टता और तकनीकी शिक्षा के प्रति समर्पण का प्रतीक बना।

