Newsझारखण्ड

छात्रवृत्ति भुगतान में देरी के खिलाफ आजसू छात्र संघ का जनाक्रोश मार्च आज

रांची में पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति की लंबित राशि को लेकर छात्रों में नाराज़गी लगातार बढ़ रही है। इसी मुद्दे पर आजसू छात्र संघ गुरुवार को मोराबादी स्थित बापू वाटिका से राजभवन तक जनाक्रोश मार्च निकालेगा। “शिक्षा के लिए भिक्षा” नामक इस कार्यक्रम के माध्यम से संगठन राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगा और छात्रवृत्ति भुगतान में लंबित मामलों के त्वरित निपटारे की मांग करेगा।

 

आजसू केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव और युवा आजसू रांची नगर अध्यक्ष अमित यादव ने बताया कि सत्र 2024-25 की छात्रवृत्ति का भुगतान कई महीनों से अटका हुआ है। अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग के लाखों छात्र इसकी प्रतीक्षा में हैं, जिससे उनकी पढ़ाई पर सीधा असर पड़ रहा है।

 

नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार के रिकॉर्ड के अनुसार 11.34 लाख छात्रों को छात्रवृत्ति मिलनी थी, लेकिन अब तक केवल 7.45 लाख विद्यार्थियों को आंशिक राशि जारी की गई है। खासकर 3.5 लाख से अधिक ओबीसी छात्र पहली किस्त भी प्राप्त नहीं कर सके हैं।

 

संगठन ने मांग की कि लंबित सभी आवेदनों की स्थिति e-Kalyan पोर्टल पर सार्वजनिक की जाए और छात्र हित में तत्काल हस्तक्षेप किया जाए।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *