कोहली-पंत ने धोनी के घर पर डिनर किया, माही ने खुद विराट को घर छोड़ा
रांची के धुर्वा स्थित जेएससीए स्टेडियम में 30 नवंबर को होने वाले वनडे मुकाबले से पहले टीम इंडिया के सभी खिलाड़ी रांची पहुंच चुके हैं। गुरुवार रात करीब 8:45 बजे टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और ऋषभ पंत पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के घर पहुंचे। दोनों खिलाड़ी अलग-अलग कारों में धोनी के आवास पहुँचे।


धोनी के घर के बाहर जैसे ही उनकी गाड़ियाँ आईं, फैंस की भीड़ जमा हो गई। कोहली और पंत लगभग दो घंटे धोनी के घर में रुके और उनके परिवार के साथ डिनर किया। इसके बाद एमएस धोनी ने खुद गाड़ी चलाकर विराट कोहली को घर छोड़ने तक का जिम्मा लिया, जो प्रशंसकों के लिए खास नजारा रहा।
इसी बीच, टीम इंडिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी स्टेडियम में अभ्यास में जुटे रहे। भारतीय खिलाड़ियों ने नेट प्रैक्टिस में काफी समय बिताया। विराट कोहली ने बैक-फुट पंच, शॉर्ट ऑफ लेंथ गेंद पर पुल शॉट और स्पिनर्स के खिलाफ कवर ड्राइव पर विशेष ध्यान दिया। रोहित शर्मा ने स्विंग गेंदों पर फ्रंट-फुट डिफेंस, पिकअप पुल और स्लॉग स्वीप की कई बार प्रैक्टिस की।
अभ्यास के दौरान स्टेडियम में उपस्थित प्रशंसकों ने खिलाड़ियों की मेहनत और प्रैक्टिस का भरपूर आनंद उठाया। टीम इंडिया का मूड मैच से पहले शानदार दिखा और खिलाड़ियों की तैयारियों से फैंस उत्साहित हैं।

