आदित्यपुर में श्रमिक शोषण का बड़ा आरोप: प्रेम मार्डी ने ऑटो प्रोफाइल्स लिमिटेड पर कार्रवाई की मांग, सात दिनों में समाधान नहीं तो बड़ा आंदोलन की चेतावनी
आदित्यपुर। आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की प्रमुख कंपनी ऑटो प्रोफाइल्स लिमिटेड पर श्रमिकों के वैधानिक अधिकारों के बड़े पैमाने पर उल्लंघन का आरोप लगाया गया है। शुक्रवार को जे.एल.के.एम. पार्टी के कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरायकेला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी प्रेम मार्डी, आदित्यपुर नगर अध्यक्ष प्रदीप कुमार महतो, नगर उपाध्यक्ष अमित महतो और कोल्हान सचिव विजय महतो ने मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कंपनी की छह इकाइयों में लगभग चार से पांच हजार मजदूर काम कर रहे हैं, लेकिन वैधानिक लाभ केवल दो से तीन सौ मजदूरों को ही मिल रहे हैं।


प्रेम मार्डी ने कहा कि अधिकांश श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी, भविष्य निधि और राज्य बीमा योजना का लाभ नहीं दिया जा रहा है। श्रमिक बिना नियुक्ति पत्र और वेतन पर्ची के काम कर रहे हैं, जिसे वे ‘श्रमिकों की आर्थिक हत्या’ बता रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से काम कर रहे कर्मचारियों को ग्रेच्यूटी और बोनस नहीं दिया गया है, जबकि पच्चीस वर्षों से सेवा दे रहे प्रदीप कुमार नंदी और पुइतु मुखी को बिना नोटिस हटाया गया।
जे.एल.के.एम. ने मामले की गहन जाँच, कंपनी प्रबंधन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और संपत्ति जब्त करने की मांग की है। प्रेम मार्डी ने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर मजदूरों का बकाया भुगतान और हटाए गए श्रमिकों की बहाली नहीं हुई, तो पार्टी राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने इसे राष्ट्रीय स्तर का वित्तीय अपराध करार दिया।


