दीघा सीआरपीएफ कैंप में तैनात एसआई की तबीयत बिगड़ने से मौत, कैंप में शोक
पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराइकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत सारंडा स्थित दीघा सीआरपीएफ कैंप में रविवार देर रात एक दुखद घटना सामने आई। सीआरपीएफ-134 बटालियन में तैनात एसआई भुलन राम (59) की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद पूरे कैंप में शोक का माहौल है।


जानकारी के अनुसार, एसआई भुलन राम की हालत देर रात अचानक खराब हो गई। उन्हें लगातार उल्टियां होने लगीं, जिससे स्थिति गंभीर होती गई। साथी जवानों ने तुरंत उन्हें ओडिशा के बिसरा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, मगर उनकी स्थिति नियंत्रित नहीं हो सकी।
जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। कैंप के अधिकारी पूरी घटना की जांच कर रहे हैं और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
सीआरपीएफ परिवार के लिए यह एक बड़ी क्षति मानी जा रही है। साथी जवानों ने बताया कि एसआई भुलन राम अपनी ड्यूटी के प्रति हमेशा समर्पित रहते थे। प्रशासन ने कहा है कि परिवार को हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

