झारखंड में 8 दिसंबर को होगी अहम कैबिनेट बैठक, सीएम हेमंत करेंगे अध्यक्षता
झारखंड सरकार की कैबिनेट बैठक 8 दिसंबर 2025 को आयोजित की जाएगी, जिसमें राज्य से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) द्वारा जारी सूचना के अनुसार यह बैठक दोपहर 2 बजे या विधानसभा की कार्यवाही समाप्त होते ही तुरंत शुरू होगी। बैठक का आयोजन झारखंड प्रोजेक्ट भवन स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में किया जाएगा।


सूत्रों के अनुसार इस बैठक में शिक्षा, ग्रामीण विकास, उद्योग, ऊर्जा और सामाजिक कल्याण से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे जा सकते हैं। इसके अलावा विभिन्न विभागों की लंबित योजनाओं, वित्तीय स्वीकृतियों और नई परियोजनाओं पर भी चर्चा होने की संभावना है। राज्य में विकास कार्यों की प्रगति, प्रशासनिक सुधार और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दे भी बैठक के एजेंडा में शामिल हो सकते हैं।
कैबिनेट की इस बैठक को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि वर्ष के अंतिम महीनों में सरकार कई नीतिगत निर्णयों को अंतिम रूप देने की तैयारी कर रही है। अधिकारी वर्ग को सभी प्रस्तावों की अद्यतन स्थिति रिपोर्ट तैयार रखने का निर्देश दिया गया है। बैठक में लिए जाने वाले फैसलों का व्यापक असर राज्य की आगामी योजनाओं और नीतियों पर पड़ सकता है।

