झारखंड विधानसभा शीतकालीन सत्र: हेमंत सोरेन ने सत्ता पक्ष की बैठक में दी दिशा-निर्देश
झारखंड में 5 से 11 दिसंबर 2025 तक होने वाले षष्टम विधानसभा के चतुर्थ (शीतकालीन) सत्र को लेकर तैयारियों का दौर तेज हो गया है। रांची स्थित डॉ. श्रीकृष्ण लोक प्रशासन संस्थान में सत्ता पक्ष के मंत्रियों और विधायकों की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की। बैठक में आगामी सत्र के एजेंडे, विधायी कार्यों और सुचारू संचालन की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई।


सूत्रों के अनुसार बैठक में सत्र के दौरान प्रस्तावित बिलों, महत्वपूर्ण नीतिगत फैसलों और समयबद्ध निर्णय प्रक्रिया पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों और विधायकों को निर्देश दिए कि वे विधानसभा सत्र में सक्रिय और प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करें। साथ ही, उन्होंने समय प्रबंधन और सत्र के सभी मुद्दों पर समुचित तैयारी रखने पर भी ध्यान देने की आवश्यकता जताई।
इस अवसर पर मंत्रिपरिषद की अगली बैठक 8 दिसंबर 2025 को दोपहर 2 बजे या विधानसभा की कार्यवाही समाप्त होने के तुरंत बाद, जो भी समय बाद में हो, झारखंड प्रोजेक्ट भवन स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में आयोजित की जाएगी। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने सत्र की तैयारियों का जायजा लिया और विधायी कार्यों को प्रभावी रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक सुझाव साझा किए।
सत्ता पक्ष की यह बैठक यह सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है कि आगामी शीतकालीन सत्र समय पर और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।

