Newsझारखण्ड

झारखंड में लंबित ई-कल्याण छात्रवृत्ति भुगतान को लेकर छात्रसंघ ने प्रदेशभर में ज्ञापन सौंपे

झारखंड में ई-कल्याण छात्रवृत्ति भुगतान में लंबित राशि और अव्यवस्थाओं को लेकर छात्रहित सर्वोपरि मंच-झारखंड ने गुरुवार को प्रदेशभर में संगठित पहल की। मंच के प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार राणा, उपाध्यक्ष आमिर हमजा और संगठन प्रभारी कुणाल पोद्दार के नेतृत्व में कोडरमा, पलामू, गोड्डा और दुमका सहित कई जिलों में छात्र प्रतिनिधियों ने जिला उपायुक्तों को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधियों ने मांग की कि राज्यपाल और संबंधित अधिकारियों तक छात्रों की समस्याएं पहुँचाई जाएँ और लंबित भुगतान तुरंत जारी किया जाए।

 

कोडरमा में सुनील कुमार और अख्तर अंसारी ने कहा कि भुगतान में देरी से हजारों छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। पलामू में दीपू कुमार सिंह और सचिन सिंह ने बताया कि कई छात्रों को कर्ज लेकर पढ़ाई जारी करनी पड़ रही है, वहीं कॉलेजों में प्रवेश और परीक्षा प्रक्रियाएं बाधित हो रही हैं। गोड्डा में विवेकानंद शाह और ललित महतो ने इसे शिक्षा संकट बताया। दुमका में रूपेश यादव और हिमांशु कुमार ने कहा कि लंबित छात्रवृत्ति से टीसी, परीक्षा फॉर्म और मार्कशीट तक लेने में परेशानी हो रही है।

 

ज्ञापन में मुख्य रूप से पिछले तीन वर्षों की लंबित राशि, केंद्र की 60% हिस्सेदारी जारी न होना और लगभग ₹9.8 अरब की राशि लंबित होने की बात रखी गई। मंच ने तत्काल भुगतान, प्रक्रिया पारदर्शी बनाने और 2023-24 व 2024-25 सत्र की छात्रवृत्ति पूर्ण करने की मांग की। 15 दिनों में समाधान न मिलने पर शांतिपूर्ण आंदोलन की चेतावनी भी दी गई।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *