देवघर में बोले जेपी नड्डा: देश में सिर्फ BJP करती है विचारधारा की राजनीति, बाकी दल वंशवाद में उलझे
देवघर दौरे पर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश में विचारधारा के आधार पर काम करने वाली एकमात्र पार्टी भारतीय जनता पार्टी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकांश राजनीतिक दल वंशवाद की राजनीति में जकड़े हुए हैं, जबकि बीजेपी संगठन और सिद्धांतों के बल पर आगे बढ़ती है।


नड्डा ने जनसभा में बताया कि पार्टी ने हमेशा राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी है। उन्होंने जनसंघ के पहले अध्यक्ष श्यामा प्रसाद मुखर्जी के “एक देश, एक निशान, एक प्रधान” के नारे को याद करते हुए कहा कि वर्षों के संघर्ष और नेतृत्व के संकल्प से अनुच्छेद 370 को हटाया गया, जो विचाराधारित राजनीति की बड़ी जीत है।
राम मंदिर आंदोलन पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि 1989 में लिया गया संकल्प तीन पीढ़ियों के प्रयास से पूरा हुआ और 2024 में अयोध्या में भव्य मंदिर बनकर तैयार हो गया। वहीं ट्रिपल तलाक खत्म करने को उन्होंने मुस्लिम महिलाओं के लिए “सच्ची आज़ादी” बताया।
नड्डा ने संगठन की मजबूती का उल्लेख करते हुए कहा कि बीजेपी आज देश की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति है और जल्द ही झारखंड में भी पार्टी अपनी सरकार बनाएगी। देवघर पहुंचने पर उन्होंने बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा की और नव-निर्मित जिला भाजपा कार्यालय का उद्घाटन किया।

