नारायणपुर में महिलाओं के लिए 5 करोड़ की लागत से प्लास मार्ट कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास
जामताड़ा के नारायणपुर प्रखंड परिसर में शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्लास मार्ट कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास किया। इस मौके पर जेएसएलपीएस से जुड़ी बड़ी संख्या में महिलाएं, ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


मंत्री ने बताया कि कॉम्प्लेक्स में 40 दुकानों की सुविधा होगी, जो पूरी तरह महिलाओं को समर्पित रहेगी। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को रोजगार, आर्थिक मजबूती और स्थायी आय उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि चयनित महिलाओं को दुकान चलाने के लिए वित्तीय सहायता भी दी जाएगी, जिससे वे बिना किसी दबाव के अपना व्यवसाय शुरू कर सकें। डॉ. अंसारी ने जोर देकर कहा, “जब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होती हैं, तो पूरा समाज मजबूत होता है।”
इस दौरान उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि देवघर में एम्स निर्माण की घोषणा नहीं हुई और आदिवासी जमीन पर पार्टी कार्यालय बनने के आरोप गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी अब भी झोपड़ियों में रहने को मजबूर हैं, जबकि भाजपा आलीशान इमारतें बना रही है।
कार्यक्रम में बीरबल अंसारी, अजहरुद्दीन अंसारी, कमल अंसारी, निशपति हांसदा, गोपी दत्ता और सरफराज मिर्जा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

