हजारीबाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, TSPC के 4 अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार
हजारीबाग के केरेडारी इलाके में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। एसडीपीओ बड़कागांव की अगुआई में पुलिस ने बुण्डु जंगल के पास हथियारों के साथ मौजूद चार कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अर्जुन करमाली, समीर कुमार, राहुल कुमार और निखिल विश्वकर्मा के रूप में हुई है।


गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शाम करीब साढ़े सात बजे बुण्डु गाँव और कोले जाने वाली सड़क पर छापामारी की। पुलिस को देखते ही कई लोग भागने लगे, लेकिन चारों आरोपियों को पकड़ लिया गया। इनके पास से एक कार्बाइन मशीनगन, तीन पिस्टल और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए गए। साथ ही मोबाइल और अन्य सामान भी जब्त किया गया।
पुलिस पूछताछ में अर्जुन करमाली ने कबूल किया कि वह आलोक गिरोह का सदस्य था और राहुल तुरी की हत्या के बाद गिरोह का संचालन कर रहा था। उसने यह भी बताया कि 23 नवंबर को अपने गाँव में रूपलाल करमाली की हत्या की थी।
पुलिस ने बताया कि ये अपराधी NTPC कोयला परियोजना में लेवी न मिलने से नाराज़ थे और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। अर्जुन करमाली पर पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं और वह क्षेत्र का बड़ा अपराधी माना जाता है।

