आसपा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष काशिफ रज़ा ने रुद्रपुर में अभियान की शुरुआत
सरायकेला-खरसावां।


आज़ाद समाज पार्टी (आसपा) झारखंड प्रदेश अध्यक्ष काशिफ रज़ा ने आज खरसावां प्रखंड के रुद्रपुर गांव में अभियान “गांव-गांव चलो, पांव-पांव चलो, चलो बूथ की ओर, चलो डोर टू डोर” की शुरुआत की। कार्यक्रम में उन्होंने आदिवासी ‘हो’ समाज की सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और राजनैतिक परिस्थितियों पर विस्तार से अपनी बात रखी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए काशिफ रज़ा ने कहा कि झारखंड राज्य के गठन के 25 वर्ष बाद भी आदिवासी समाज बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने कहा कि इसका दायित्व सिर्फ राजनीतिक दलों पर ही नहीं, बल्कि उन सभी लोगों पर भी है जिन्होंने आरक्षण का लाभ लेकर अपने जीवन को तो सुधारा, लेकिन समाज को पीछे छोड़ दिया।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि आसपा पूरे झारखंड में गांव-गांव जाकर लोगों को संविधान प्रदत्त अधिकारों के प्रति जागरूक कर रही है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता हर गांव में जाकर जनता को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग करेंगे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, पार्टी कार्यकर्ता और युवा शामिल हुए।

