गिरिडीह में रेलवे ट्रैक पर युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप
गिरिडीह जिले के पचंबा थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह सनसनी फैल गई, जब हरिचक गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। मृतक की पहचान हरिचक निवासी टुपलाल दास के 30 वर्षीय पुत्र प्रकाश दास के रूप में की गई है।


ग्रामीणों के अनुसार लोग सुबह खेत की ओर जा रहे थे, तभी रेलवे लाइन पर शव को देखकर उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी करते हुए जांच शुरू कर दी। घटना स्थल पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई होगी, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घटना कैसे हुई यह जांच के बाद ही पता चल सकेगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

