उपायुक्त ने मनरेगा और आवास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, लक्ष्य प्राप्ति के निर्देश
चाईबासा: चाईबासा के समाहरणालय सभागार में बुधवार को जिला दंडाधिकारी–सह–उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में मनरेगा और आवास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा, निदेशक (लेखा प्रशासन–सह–स्वनियोजन) सुनीला खलको तथा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी मौजूद रहे।


उपायुक्त ने मनरेगा के तहत मानव दिवस सृजन, जॉब कार्ड रिन्यूअल, बिरसा सिंचाई कूप, दीदी बाड़ी योजना, प्रति ग्राम चालू योजनाओं की स्थिति और सोशल ऑडिट से संबंधित एटीआर की प्रखंडवार समीक्षा की। उन्होंने लक्ष्य से कम मानव दिवस सृजन पर नाराजगी जताते हुए महिलाओं की भागीदारी 50% सुनिश्चित करने को कहा। जॉब कार्ड रिन्यूअल में 20 दिसंबर 2025 तक 70% लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में प्रति ग्राम रोजाना कम से कम 5 योजनाएं चलाने और प्रत्येक पंचायत में 150 श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने को कहा गया। 2022-23 तथा पूर्व की लंबित योजनाओं को नरेगासॉफ्ट में बंद कर उनकी जगह नई योजनाएं स्वीकृत करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने सभी गांवों में मनरेगा योजनाओं की जांच कराने और जहां योजनाएं नहीं चल रही हैं, वहां नई योजनाएं स्वीकृत कर तत्काल कार्य शुरू करने को कहा। साथ ही सभी श्रमिकों का मास्टर रोल तैयार कर समय पर भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
अबुआ आवास योजना 2023-24 एवं 2024-25 तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) 2024-25 की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी बीडीओ को निर्धारित समय सीमा में बेहतर प्रगति लाने के निर्देश दिए।

