साकची शहरी कुष्ठ केंद्र में एक दिवसीय नि:शुल्क चर्म रोग जांच शिविर, 6 नए कुष्ठ मरीजों की पुष्टि
पूर्वी सिंहभूम जिले में कुष्ठ रोग खोज अभियान के तहत मंगलवार को साकची शहरी कुष्ठ केंद्र में एक दिवसीय नि:शुल्क चर्म रोग जांच शिविर आयोजित किया गया। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में कुल 53 संदिग्ध मरीजों की जांच की गई, जिनमें से 6 नए कुष्ठ रोगियों की पुष्टि की गई। सभी मरीजों को मौके पर ही नि:शुल्क एमडीटी दवा उपलब्ध कराई गई।


जिला आरसीएच पदाधिकारी सह जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार पांडा तथा जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने प्रतिभागियों को कुष्ठ रोग खोज अभियान (10 नवंबर से 4 दिसंबर 2025) के अंतर्गत चल रही गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
डॉ. राजीव लोचन महतो ने बताया कि शरीर पर किसी भी प्रकार का दाग या दाग वाले स्थान पर निश्चित सुनापन कुष्ठ रोग का संकेत हो सकता है। ऐसे में तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “कुष्ठ रोग न अभिशाप है, न ही किसी प्रकार का पाप। यह एक बैक्टीरिया जनित बीमारी है, जिसका उपचार सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में बिल्कुल नि:शुल्क उपलब्ध है।”
अचिकित्सा सहायक अमरेश मिश्रा ने मरीजों एवं उपस्थित सहियाओं को सेल्फ-केयर के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी के माध्यम से कुष्ठ रोग से होने वाली दिव्यांगता को ठीक किया जा सकता है। साथ ही सहियाओं को कुष्ठ विभाग से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि की प्रक्रिया की जानकारी भी दी।
शिविर को सफल बनाने में विशाल पाण्डेय, जयंत तिवारी, रंजीत कुमार, आरती कुमारी और संजय चटर्जी का विशेष योगदान रहा।

