32वीं एस० आर० रूंगटा ए-डिवीजन लीग, 2025-26 ,नजदीकी मुकाबले में एम० सी० सी० चाईबासा ने स्टूडेंट क्लब को पराजित किया।
चाईबासा प्रकाश कुमार गुप्ता


चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे एस आर रूंगटा ए-डिवीजन लीग के अंतर्गत आज खेले गए मैच में मिडिलसेक्स क्रिकेट क्लब चाईबासा ने स्टूडेंट क्लब चाईबासा को एक नजदीकी मुकाबले में मात्र दो विकेट से पराजित कर पूरे चार अंक हासिल किए।
चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के मैच में टॉस हारकर कर पहले बल्लेबाजी करते हुए स्टूडेंट क्लब की पूरी टीम 33.5 ओवर में 197 रन बनाकर आल आउट हो गई। स्टूडेंट क्लब की ओर से अभिषेक नाथ ने छः चौके एवं दो छक्के की सहायता से सर्वाधिक 67 रन बनाए। अन्य बल्लेबाजों में रियाज अहमद ने 30, मो० साकिब ने 27 तथा मोअज्जम खान ने 21 रनों की पारी खेली। एम सी सी चाईबासा की ओर आदित्य पुष्कर ने 44 रन देकर चार विकेट तथा रौशन कुमार ने 24 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। कप्तान अनुराग संजय को दो सफलता हाथ लगी जबकि अजीत कुमार सिंह को एक विकेट प्राप्त हुआ।
जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी एम सी सी की टीम को भी जीत के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी और 31.3 ओवर में 200 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया हलांकि इस प्रयास में उन्होंने अपने आठ विकेट भी गंवाए। एम सी सी की ओर से अरविंद कुमार ने 37, तन्मय तंतुबाई ने 36, जयप्रकाश राजपूत ने 33, कुमार करण ने 29 तथा शिवानंद सिंह ने 23 रन बनाए। स्टूडेंट क्लब की ओर से गेंदबाजी करते हुए तौसिफ एहसान ने 26 रन देकर चार विकेट तथा कैफ जमील ने 40 रन देकर तीन विकेट चटकाए। मो० साकिब को एक सफलता हाथ लगी।
एस आर रूंगटा ए-डिवीजन लीग में कल एम० सी० सी० चाईबासा का मुकाबला सेरसा चक्रधरपुर से होगा।

