विवाह भवन के बंद कमरे से युवक का शव बरामद, सल्फास की गोलियां और शराब की बोतलें मिलीं
गोड्डा जिले के मेहरमा थाना क्षेत्र के गोविंदपुर स्थित सिंह विवाह भवन में गुरुवार को एक बंद कमरे से युवक का शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। विवाह भवन संचालक अजय कुमार सिंह ने सुबह कमरे का दरवाज़ा अंदर से बंद देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मेहरमा थाना प्रभारी सौरभकुमार ठाकुर की टीम मौके पर पहुंची और दरवाज़ा तोड़कर अंदर प्रवेश किया।


कमरे के भीतर 40 वर्षीय विजय कुमार सिंह का शव मिला, जो मूल रूप से बिहार के मुंगेर के रहने वाले थे और रेलवे में ग्रुप-डी कर्मचारी थे। उनकी वर्तमान पोस्टिंग टाटा नगर में थी। तलाशी के दौरान पुलिस को सल्फास की गोलियां और शराब की बोतलें बरामद हुईं। प्राथमिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस का कहना है कि मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही पता चलेगा।
परिवार के अनुसार, विजय पिछले दो वर्षों से घर नहीं लौटे थे और पत्नी व मायके पक्ष से दूरी बनाए हुए थे। वह 2 दिसंबर को टाटा में रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने गए थे और 9 दिसंबर को वहां से लौटकर विवाह भवन में ठहरे थे। 12 दिसंबर की सुबह परिजनों को उनकी मौत की सूचना मिली।
करीब 15 वर्ष पहले उनका विवाह भागलपुर के बहादुरपुर में हुआ था। उनके पीछे 10 वर्षीय बेटी तृष्णा कुमारी है।

