खुंटपानी में एकलव्य मॉडल आवासीय बालिका विद्यालय में फर्स्ट एल्युमनी मीट-2025 का आयोजन
खुंटपानी: पश्चिम सिंहभूम जिले के खुंटपानी प्रखंड अंतर्गत एकलव्य मॉडल आवासीय बालिका विद्यालय, तोरसिंदुरी में पूर्ववर्ती छात्राओं के लिए फर्स्ट एल्युमनी मीट-2025 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा, जिला परिषद सदस्य यमुना तियू, प्रखंड विकास पदाधिकारी धनंजय पाठक तथा अंचल अधिकारी फुलेश्वर साहू उपस्थित रहे।


इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती गीतांजली पान, उप-प्राचार्य शशि भूषण मल्लिक ठाकुर, सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारीगण, पूर्ववर्ती छात्राएं एवं वर्तमान छात्राएं मौजूद थीं। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या, उप-प्राचार्य एवं अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। स्वागत संबोधन रीना बानरा एवं समिता बिरुवा ने किया।
विद्यालय के संस्कृत शिक्षक पुना भगत ने अपने संबोधन में छात्राओं को लक्ष्य पर केंद्रित रहकर पढ़ाई करने तथा माता-पिता का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।

प्रखंड विकास पदाधिकारी धनंजय पाठक ने छात्राओं को मेहनत और लगन से पढ़ाई कर अपने लक्ष्य को प्राप्त करने का संदेश दिया। वहीं अंचल अधिकारी फुलेश्वर साहू ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए आत्मविश्वास बनाए रखने और आगे बढ़कर अपने सपनों को साकार करने की बात कही। जिला परिषद सदस्य यमुना तियू ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें पूरी लगन से पढ़ाई कर अपना एवं देश का नाम रोशन करना चाहिए।
प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के साथ-साथ करियर पर भी ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं से अपने सपनों के साथ माता-पिता के सपनों को भी साकार करने का आह्वान किया तथा गलत रास्तों से दूर रहकर एक अच्छा नागरिक बनने की अपील की।
इस अवसर पर पूर्ववर्ती छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा किए। विद्यालय स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। अंत में प्राचार्या द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम की समाप्ति की घोषणा की गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारीगण एवं छात्राओं का सराहनीय योगदान रहा।

