चाईबासा में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता गिरफ्तार
चाईबासा: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। चाईबासा में भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को रिश्वत लेते हुए एसीबी की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद जिले के सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया है।


भवन निर्माण विभाग, भवन प्रमंडल चाईबासा के कार्यपालक अभियंता अरुण कुमार सिंह को एसीबी जमशेदपुर की टीम ने 70 हजार रुपये घूस लेते हुए गिरफ्तार किया। आरोप है कि अभियंता द्वारा एक निर्माण कार्य से संबंधित बिल भुगतान के बदले कमीशन की मांग की जा रही थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित योजना की कुल लागत लगभग 55 लाख रुपये थी। इसमें से 29 लाख रुपये का भुगतान पहले ही किया जा चुका था। शेष राशि का भुगतान कराने के एवज में अभियंता ने 2.5 प्रतिशत कमीशन के रूप में 70 हजार रुपये की मांग की थी। यह मामला पुराने उपायुक्त कार्यालय परिसर में नारकोटिक्स विभाग के भवन निर्माण कार्य से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।
घूस की मांग से परेशान ठेकेदार रितेश चिरानिया ने इस संबंध में एसीबी जमशेदपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की जांच के बाद एसीबी ने योजना बनाकर कार्रवाई की और अभियंता को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इस कार्रवाई में इंस्पेक्टर जयराम प्रसाद, इंस्पेक्टर कल्याण बिरुली तथा डीएसपी इंद्रदेव राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी अभियंता को पूछताछ के लिए एसीबी जमशेदपुर ले जाया गया है। एसीबी पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
यह पहला मौका नहीं है जब चाईबासा में एसीबी की ओर से इस तरह की कार्रवाई की गई हो। इससे पहले भी जिले में भ्रष्टाचार के मामलों में कई अधिकारियों और कर्मचारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वर्ष 2019 में लघु सिंचाई प्रमंडल चाईबासा के कार्यपालक अभियंता मनोज कुमार विद्यार्थी को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए एसीबी ने गिरफ्तार किया था। वहीं वर्ष 2023 में ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल चाईबासा के रोकड़पाल बीटी सिंह को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था।
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से यह साफ है कि एसीबी भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। इस ताजा कार्रवाई के बाद सरकारी विभागों में हड़कंप का माहौल है और आने वाले दिनों में और भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

