झारखंड में कड़ाके की ठंड, कांके सबसे ठंडा; खंडोली डैम बना प्रवासी पक्षियों का ठिकाना
झारखंड में ठंड ने अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह से चल रही सर्द हवाओं और गिरते तापमान ने लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर दिया है। बीते 24 घंटों में राज्य के सात जिलों में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, जिसमें रांची के कांके क्षेत्र में तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे कम रहा। खूंटी में पारा 4.4 डिग्री तक गिर गया, जबकि रांची, डाल्टेनगंज, लातेहार, लोहरदगा और सरायकेला में भी कड़ाके की ठंड महसूस की गई।


मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, हालांकि अगले कुछ दिनों में रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। सुबह के समय कोहरा और धुंध बने रहने की आशंका है। तेज ठंड के कारण आम जनजीवन प्रभावित है, खासकर रात के समय यात्रियों, रिक्शा चालकों और सड़क पर काम करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चिकित्सकों ने ठंड में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
इधर, गिरिडीह का खंडोली डैम सर्दियों के साथ ही प्रवासी पक्षियों से गुलजार हो उठा है। साइबेरियन डक समेत कई विदेशी पक्षी हजारों किलोमीटर की यात्रा कर यहां पहुंचे हैं। पक्षियों की चहचहाहट से यह पर्यटन स्थल पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है।

