Newsझारखण्ड

पुलिस निरीक्षक सूरजा तुबिद का आकस्मिक निधन, जिले में शोक की लहर

 

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में पदस्थापित पुलिस निरीक्षक सूरजा तुबिद के आकस्मिक निधन से उनके परिवार के साथ-साथ पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। वे पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो प्रखंड अंतर्गत हाथी मंडा गांव के निवासी थे और वर्तमान में चाईबासा पुलिस केंद्र में कार्यरत थे।

 

परिजनों के अनुसार सूरजा तुबिद पिछले कई महीनों से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनकी किडनी फेल हो गई थी, जिसके कारण उन्हें महीने में दो बार डायलिसिस कराना पड़ता था। रविवार की रात अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। परिजन उन्हें आनन-फानन में चाईबासा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

सूरजा तुबिद अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। बताया गया कि उनकी सेवा सेवानिवृत्ति में अभी लगभग दो वर्ष का समय शेष था, लेकिन उससे पहले ही उनका असामयिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मियों में शोक व्याप्त हो गया। सहकर्मियों ने उन्हें एक कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और मिलनसार पुलिस अधिकारी के रूप में याद किया।

 

सोमवार को चाईबासा सदर अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस में उनके शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान उनके परिजन, पुलिस विभाग के वरीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत पुलिस निरीक्षक को नम आंखों से अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

पुलिस विभाग के अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। जिले के कई सामाजिक संगठनों और गणमान्य लोगों ने भी सूरजा तुबिद के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उनके असमय निधन से पुलिस विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *