22वां श्री श्री श्याम महोत्सव 22 दिसंबर को खिरवाल बैंक्वेट में होगा आयोजित
चाईबासा: युवा मित्र मंडल के तत्वाधान में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता विकास टिबरेवाल ने की। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि 22वां श्री श्री श्याम महोत्सव इस वर्ष 22 दिसंबर 2025, दिन सोमवार को खिरवाल बैंक्वेट में बड़े धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा।


बैठक में बताया गया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी श्याम महोत्सव को भव्य और यादगार बनाने की तैयारी की जा रही है। महोत्सव के दौरान भजनों की अमृतवर्षा होगी, जिसमें जयपुर के सुप्रसिद्ध भजन गायक आयुष सोमानी अपनी मधुर आवाज से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। वहीं रांची से सुप्रसिद्ध भजन गायिका तत्शा गुप्ता भी कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति देंगी।
महोत्सव के मुख्य आकर्षणों में बाबा श्याम का आलौकिक शृंगार एवं छप्पन भोग रहेगा। आयोजकों ने बताया कि बाबा श्याम को विशेष रूप से सजाया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को दिव्य और भक्तिमय अनुभूति प्राप्त हो सके। छप्पन भोग की व्यवस्था भी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी।
बैठक के दौरान आयोजन की तैयारियों, व्यवस्था, सजावट, ध्वनि प्रणाली एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मंडल के सदस्यों ने महोत्सव को सफल बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव भी रखे और सभी ने मिलकर आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
इस बैठक में युवा मित्र मंडल के सदस्य राकेश पोद्दार, चितेश अग्रवाल, विकाश अग्रवाल, श्रवण पाडिय, पंकज विजयवर्गीय, दिलीप साव, रूपेश कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।
युवा मित्र मंडल ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्री श्री श्याम महोत्सव में शामिल होने की अपील की है, ताकि यह धार्मिक आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हो सके।

