Newsझारखण्ड

बड़ाजामदा में हथियार के साथ एक युवक गिरफ्तार  

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम को 19 दिसंबर 2025 को गुप्त सूचना मिली कि गुवा थाना अंतर्गत बड़ाजामदा ओपी क्षेत्र में पूर्व में दर्ज डकैती कांड से जुड़े हथियार की आपूर्ति की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।

 

पुलिस के अनुसार, माह अक्टूबर 2025 में बड़ाजामदा निवासी अनिल चौरसिया के घर अज्ञात अपराधियों द्वारा डकैती की घटना को अंजाम दिया गया था। इस मामले में गुवा (बड़ाजामदा ओपी) थाना कांड संख्या 45/25, दिनांक 14.10.2025 दर्ज किया गया था। पूर्व में इस कांड में शामिल पांच अपराधियों को जेल भेजा जा चुका है।

 

गुप्त सूचना मिली कि उक्त डकैती कांड में जेल गए अभियुक्त दीपक महतो का भतीजा करण महतो, कांड में प्रयुक्त हथियार और गोली को वांछित अभियुक्त राजू लोहार को देने के लिए बड़ाजामदा आ रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, किरीबुरु के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।

 

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बड़ाजामदा बस स्टैंड से करण कुमार महतो को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से हथियार और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

 

गिरफ्तार युवक की पहचान करण कुमार महतो (उम्र करीब 24 वर्ष), पिता- राजकुमार महतो, निवासी वर्मा माइंस रघुवर नगर, थाना वर्मा माइंस, जिला पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई है।

 

पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, एक स्वचलित पिस्तौल, दो खाली मैगजीन, 7.65 एमएम के 41 जिंदा कारतूस, 9 एमएम के 10 जिंदा कारतूस, 8 एमएम के 9 जिंदा कारतूस तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

 

इस छापामारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किरीबुरु अजय केरकेट्टा, बड़ाजामदा ओपी प्रभारी बालेश्वर उरांव सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *