Newsझारखण्ड

भारत आदिवासी पार्टी ने निर्माण कार्य में अनियमितताओं का लगाया आरोप, जिला प्रशासन से की शिकायत

 

चाईबासा : भारत आदिवासी पार्टी, पश्चिमी सिंहभूम–चाईबासा की ओर से एक प्रतिनिधिमंडल ने कार्य एजेंसी द्वारा किए जा रहे भवन निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएं सामने आने का आरोप लगाया गया।

 

पार्टी के अनुसार पुराने मकान को तोड़कर निकाली गई ईंटों का दोबारा उपयोग आईबी भवन निर्माण में किया जा रहा है। इसके अलावा प्राक्कलन को नजरअंदाज करते हुए बालू की मात्रा अधिक और सीमेंट की मात्रा कम रखकर जोड़ाई और ढलाई का कार्य किया जा रहा है। यह कार्य पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल चाईबासा की देखरेख में होने की बात कही गई है, जिससे भ्रष्टाचार और लूट-खसोट के आरोप लगाए जा रहे हैं।

यह निर्माण कार्य जिला मुख्यालय चाईबासा के मुख्य डाकघर के समीप, शहर के बीचोंबीच चल रहा है, जो इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। साथ ही राजनीतिक दलों पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं, विशेषकर विपक्षी दल भाजपा की चुप्पी को लेकर निशाना साधा गया है।

 

भारत आदिवासी पार्टी ने इस मामले को गंभीर बताते हुए जिला प्रशासन को लिखित शिकायत सौंपी है और मांग की है कि जल्द से जल्द जांच कर कार्रवाई की जाए। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने गंभीरता नहीं दिखाई तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

पार्टी ने राज्य में भ्रष्टाचार के मामलों का जिक्र करते हुए हाल ही में भवन निर्माण विभाग चाईबासा में एक कार्य एजेंसी से घूस लेते हुए निगरानी विभाग द्वारा की गई कार्रवाई का भी उल्लेख किया। पार्टी का कहना है कि यदि इस मामले में भी प्रशासन निष्क्रिय रहा तो पूरे जिला प्रशासन पर दबाव बनाया जाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *