सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): मुफस्सिल थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना सदर प्रखंड के वफा सेल थाना क्षेत्र अंतर्गत आंचू गांव के मुख्य सड़क पर हुई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार चिरू बाजार से तीन दोस्त एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान आंचू गांव के पास मुख्य सड़क पर खड़ी जंगल की लकड़ी से लदी एक ट्रैक्टर से उनकी मोटरसाइकिल टकरा गई। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे टक्कर इतनी जबरदस्त हुई कि मौके पर ही दो युवकों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान 18 वर्षीय प्रधान तुबिद, निवासी हाथी मंडा, टोंटो प्रखंड तथा भगवान सवैया, निवासी कीड़ेगोट, गीतिलपि, सदर प्रखंड के रूप में हुई है। वहीं इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान भगवान कुदादा, निवासी उलीझारी, मुफस्सिल थाना क्षेत्र, सदर प्रखंड के रूप में की गई है। घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। भोपासिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सबसे पहले यह पता लगाया जा रहा है कि सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर किसकी है और उसमें लदी लकड़ी कहां से लाई गई थी। ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और मामले की छानबीन जारी है।
इधर, दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया गया है। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर है और गांव में मातम का माहौल बना हुआ है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

