Newsझारखण्ड

अटल स्मृति फुटबॉल प्रतियोगिता 2025 का भव्य समापन, एसआर रुंगटा सरायकेला बनी विजेता  

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिम सिंहभूम स्पोर्ट्स एसोसिएशन ग्राउंड में भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय अटल स्मृति फुटबॉल प्रतियोगिता 2025 का समापन समारोह मंगलवार को देर शाम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर झारखंड सरकार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं उड़ीसा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके आगमन पर पारंपरिक बाजे-गाजे और आदिवासी नृत्य के साथ भव्य स्वागत किया गया।

इस फुटबॉल प्रतियोगिता में कुल 64 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। आयोजन के लिए कुल 109 टीमों ने पंजीकरण कराया था, लेकिन सीमित समय और व्यवस्था के कारण 64 टीमों को ही खेलने का अवसर मिल सका। प्रतियोगिता के संयोजक एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने बताया कि शुरुआत में केवल 32 टीमों को शामिल करने की योजना थी, लेकिन खिलाड़ियों की संख्या और उनकी भावनाओं को देखते हुए प्रतियोगिता को तीन दिनों का बनाकर 64 टीमों को मौका दिया गया।

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला एजेके कोचड़ा (हाटगम्हरिया) और एसआर रुंगटा, सरायकेला के बीच खेला गया। यह मुकाबला काफी रोमांचक रहा। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट कराया गया, जिसमें भी दोनों टीमों के बीच बराबरी बनी रही। अंततः टॉस के माध्यम से एसआर रुंगटा, सरायकेला को विजेता घोषित किया गया। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ एक लाख रुपये नकद पुरस्कार दिया गया, जबकि उपविजेता टीम एजेके कोचड़ा को ट्रॉफी के साथ 75 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता में केवाईडी नलिता (टोकलो) ने तीसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि मॉर्निंग ग्रुप, चाईबासा चौथे स्थान पर रही। तीसरे स्थान की टीम को 50 हजार रुपये और चौथे स्थान की टीम को 30 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रघुवर दास ने सफल आयोजन के लिए मधु कोड़ा और उनकी पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन के माध्यम से देश के प्रेरणास्रोत भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को सच्ची श्रद्धांजलि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की कृपा से ही झारखंड राज्य का गठन संभव हो पाया। रघुवर दास ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि खेलो इंडिया जैसी योजनाओं के माध्यम से देश के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मानना है कि जब नागरिक स्वस्थ रहेंगे तभी देश भी स्वस्थ रहेगा, इसलिए हर व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा अपने शरीर के लिए निकालना चाहिए।

इस अवसर पर पूर्व सांसद एवं प्रदेश प्रवक्ता गीता कोड़ा ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी खिलाड़ियों, आयोजकों और भाजपा कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस सपने को साकार करते हैं, जिसमें देश के अंतिम गांव तक के खिलाड़ियों को मंच प्रदान करना है, ताकि वे आगे चलकर देश का नाम रोशन कर सकें।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 2025 सभी के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी का वर्ष है। 25 दिसंबर को उनके जन्म के 100 वर्ष पूरे होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी योजनाएं अटल बिहारी वाजपेयी की ही देन हैं।

समापन समारोह में पूर्व विधायक गुरुचरण नायक, पूर्व विधायक शशिभूषण सामड़, गीता बालमुचू, पश्चिम सिंहभूम जिला अध्यक्ष संजय पांडे, सरायकेला जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह देव, सतीश पूरी, अनूप सुल्तानिया, देवी शंकर दत्ता, जितेंद्र नाथ ओझा, प्रताप कटिहार, राकेश पोद्दार, पवन शर्मा, रूपा दास, रानी बंदिया, मनोज लेयांगी सहित सैकड़ों की संख्या में भाजपा के महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *