Newsझारखण्ड

भाजपा जिला कार्यालय में श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाई गई अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती

 

 

चाईबासा: चाईबासा स्थित भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, पश्चिमी सिंहभूम में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन जिला अध्यक्ष संजय (संजू) पांडे की अध्यक्षता में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर की गई। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने अटल जी के राष्ट्रव्यापी योगदान, राष्ट्रनिष्ठा और जनसेवा की भावना को याद किया।

जिला अध्यक्ष संजय पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारत की राजनीति के स्वर्णिम अध्याय हैं। उनकी वाणी, विचार और व्यवहार आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि अटल जी ने राजनीति में आदर्शवाद और राष्ट्र प्रथम की भावना को सर्वोपरि रखा, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बनी रहेगी।

उन्होंने अटल जी के कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत परमाणु शक्ति बना, सड़क और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए तथा लोकतांत्रिक संवाद की गरिमा को नई ऊंचाई मिली। उनके द्वारा स्थापित मूल्य आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं को सेवा, संगठन और समर्पण की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर अटल बिहारी वाजपेयी के राष्ट्रसेवा कार्यों का स्मरण किया गया तथा उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक गीता बालमुचू, उपाध्यक्ष बबलू शर्मा, महामंत्री प्रताप कटियार, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष चंद्र मोहन टीयू, नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार, अनूप सुल्तानिया, पूर्व जिला अध्यक्ष सतीश पूरी, दिलीप साव, अजय झा, रामानंद महतो, रूपा दास, रोहित दास, दिनेश यादव, रंजन प्रसाद, कामेश्वर विश्वकर्मा, सन्नी पासवान, रितेश पिंटू, नारायण निषाद, अनंत सयनम सहित कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *